Home / Rajasthan / जयपुर मेट्रो विस्तार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली बैठक, मास्टर प्लान के निर्देश

जयपुर मेट्रो विस्तार: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ली बैठक, मास्टर प्लान के निर्देश

जयपुर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड), जगतपुरा और आईएसबीटी हीरापुरा तक ले जाने के लिए मास्टर प्लान बनेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को हुई जयपुर मेट्रो की बैठक में अधिकारियों को इसके निर्देश दिए।

जयपुर, 20 मार्च। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जयपुर शहर के आमजन को मेट्रो के जरिये सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को जयपुर मेट्रो के विस्तार फेज की प्लानिंग में सभी प्रमुख स्थानों को शामिल करने एवं जनसंख्या घनत्व को ध्यान में रखकर नवीन मेट्रो फेज की दिशा में कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास और नियंत्रित लागत जरूरी

शर्मा शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जयपुर मेट्रो के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मेट्रो परियोजनाओं का समय अनुकूल विकास एवं नियंत्रित लागत बेहद जरूरी है। इसी क्रम में घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लिए मेट्रो विस्तार फेज को वर्तमान मेट्रो लाइनों से जोड़ने की कार्ययोजना को प्रमुखता से बनाया जाए।

जयपुर मेट्रो विस्तार: आमेर, बगराना, जगतपुरा और हीरापुरा तक

उल्लेखनीय है कि बजट वर्ष 2025-26 में जगतपुरा एवं वैशाली नगर क्षेत्रों में मेट्रो के विस्तार हेतु डीपीआर बनाने की घोषणा की गई थी, जिसके क्रम में जयपुर मेट्रो के अधिकारियों ने प्रस्तावित एलाइनमेंट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बढ़ती आबादी को ध्यान में रखकर मेट्रो को आमेर, बगराना (आगरा रोड), जगतपुरा एवं आईएसबीटी हीरापुरा तक विस्तार देने के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश दिए।

एलिवेटेड रोड के लिए जेडीए एवं जयपुर मेट्रो मिलकर करें काम – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

साथ ही, उन्होंने जेडीए अधिकारियों को अरण्य भवन से जगतपुरा तक बनने वाले एलिवेटेड रोड के संबंध में विशेष दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए जेडीए एवं जयपुर मेट्रो आपसी सामंजस्य से काम करें।

फेज-2, फेज-1सी और फेज-1डी की प्रगति की समीक्षा

शर्मा ने मेट्रो फेज-2, फेज-1सी (बड़ी चौपड़-ट्रांसपोर्ट नगर) एवं फेज-1डी (मानसरोवर-अजमेर रोड चौराहा) की प्रगति का भी विवरण लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के जरिये मेट्रो परियोजना की विभिन्न कार्ययोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव वित्त एवं प्रबंध निदेशक राजस्थान मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड वैभव गालरिया, आयुक्त जयपुर विकास प्राधिकरण सिद्धार्थ महाजन सहित जयपुर मेट्रो एवं जेडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।

जयपुर मेट्रो के रूट और स्टेशनों के बारे में अधिक जानकारी – Jaipur Metro (Wikipedia)

Leave a Reply