रामनवमी मेला एवं संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव
प्रभु श्रीराम सनातन के गौरव, सत्य के संवाहक और धर्म के रक्षक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में तीर्थस्थलों का हो रहा विकास- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
जोधपुर/जयपुर, 26 मार्च । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम भारत की आत्मा और सनातन के गौरव हैं। वे मर्यादा के प्रतीक, सत्य के संवाहक, धर्म के रक्षक और सेवा के सर्वाेच्च आदर्श हैं। श्रीराम का जीवन हमें सिखाता है कि चरित्र, कर्तव्य और करुणा का स्थान पद एवं प्रतिष्ठा से सदैव ऊंचा है।
मुख्यमंत्री गुरुवार को जोधपुर के शिकारपुरा (लूणी) स्थित श्री राजाराम आंजणा आश्रम में आयोजित रामनवमी मेले तथा सिद्ध संत राजाराम जी महाराज के 144वें जन्मोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रामनवमी का पावन पर्व और संत राजाराम जी महाराज का जन्मोत्सव एक ही दिन होना आध्यात्मिक परंपरा का अद्भुत संगम है। प्रभु श्रीराम के आदर्शों को संत राजाराम जी महाराज ने जन-जन तक पहुंचाने का महान कार्य किया। वे एक तपस्वी ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाल विवाह उन्मूलन और बालिका शिक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गौ संरक्षण के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य किया जा रहा है। गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रदेश की गौशालाओं को 3 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान वितरित किया गया है। साथ ही, 1 लाख 37 हजार से अधिक निराश्रित गौवंश को सुरक्षित आवासित किया गया है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों को सांस्कृतिक चेतना के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। राजकीय मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के लिए 25 करोड़ 38 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की गई है। वहीं, वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्री योजना के माध्यम से अब तक 86 हजार से अधिक बुजुर्गों को तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है।
शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार रामजल सेतु लिंक परियोजना, इंदिरा गांधी नहर के पुनर्निर्माण सहित विभिन्न कार्यों से पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरों टॉलरेंस की नीति के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। जोधपुर को एलिवेटेड रोड देने के लिए भी कार्य जारी है।









