जयपुर, 10 मार्च। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। मंगलवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आपूर्ति बाधाओं और खाड़ी क्षेत्र में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार प्रभावित हुआ है। पिछले एक माह में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगभग 34 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को निर्देश जारी किए हैं कि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत तेल कंपनियों और रिफाइनरियों को भी निर्देश दिए हैं कि घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और उसके उत्पादन में बढ़ोतरी की जाए।
गोदारा ने कहा कि केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशानुसार स्थिति सामान्य होने तक कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर कुछ समय के लिए अस्थायी रोक लगाई गई है। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की गैस की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि भारत अपनी गैस की बड़ी मात्रा कतर सहित अन्य देशों से आयात करता है। वर्तमान में होर्मुज की खाड़ी में जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने से वैश्विक स्तर पर आपूर्ति प्रभावित हुई है।
गोदारा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और घरेलू उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। साथ ही पेट्रोलियम मंत्रालय ने रिफाइनरियों को गैस उत्पादन बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके।









