भाजपा का प्रशिक्षित कार्यकर्ता हर चुनौती का सामना करने में सक्षम:— मदन राठौड़
किसी भी युद्ध से वैश्विक स्तर पर होता है नुकसान,भारत में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं, केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तरह सतर्क:— मदन राठौड़
जयपुर, 20 मार्च 2026। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने विपक्ष की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस नीति, विचार या एजेंडा नहीं है। संसद और अन्य मंचों पर भी विपक्ष केवल और केवल हंगामा ही करता है, जबकि सार्थक चर्चा से बचता है। आज देश का विपक्ष मुद्दा विहीन है, साफ शब्दों में कहा जाए तो आज विपक्ष घेरने की स्थिति में है भी नहीं। फिर चाहे वो केंद्र हो या राज्य में, विपक्ष सिर्फ और सिर्फ हंगामा करने तथा जनता को भ्रमित करने का काम कर रहा है। राठौड़ ने कहा कि सामान्य रूप से विपक्ष का कार्य पक्ष को जनहित के मुद्दों पर घेरने का होता है, वहीं पक्ष का काम विपक्ष के घेरे से सफलता पूर्वक बाहर निकलना होता है। यहा विपक्ष पक्ष को घेरने की स्थिति में नहीं है। जबकि हमारे प्रवक्ता, पैनेलिस्ट, पार्टी पदाधिकारी, पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता अपना कार्य कर रहा है। राठौड़ ने कहा कि संसद में भी कांग्रेस सिर्फ हंगामा करती है, किसी भी विषय पर वे तर्क संगत बात नहीं करते, यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षित कार्यकर्ता हर चुनौती का सामना करने में सक्षम है। भारतीय जनता पार्टी का प्रशिक्षण कार्यक्रम पार्टी की एक सतत और नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। समय-समय पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नए जुड़े सदस्यों के साथ बैठकें आयोजित की जाती हैं, जिनमें विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाती है तथा उनके अनुभवों और सुझावों को साझा किया जाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को भाजपा की कार्यप्रणाली, विचारधारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाव से अवगत कराया जाता है। “राष्ट्र पहले, पार्टी बाद में और व्यक्ति सबसे अंत में” की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाते हैं। इस क्रम में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रेरित प्रशिक्षण महाअभियान देशभर में संचालित हो रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा सदैव चुनाव के लिए तैयार रहती है। चुनाव की तिथि घोषित करना निर्वाचन आयोग का कार्य है, और जैसे ही आचार संहिता लागू होती है, पार्टी पूर्ण रूप से चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय हो जाती है। अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध के प्रभाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी युद्ध से वैश्विक स्तर पर नुकसान होता है, लेकिन भारत में आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। केंद्र और राज्य सरकारें पूरी तरह सतर्क हैं और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह कृत्रिम कमी का माहौल बनाकर अफरा-तफरी फैलाने का प्रयास करता है, जबकि वास्तविकता में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में सभी को मिलकर देशहित में कार्य करना चाहिए और जनता की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए।










