Home / Rajasthan / दिल्ली दौरे पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी , केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें, राजस्थान के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

दिल्ली दौरे पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी , केंद्रीय मंत्रियों से अहम मुलाकातें, राजस्थान के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा

 

नई दिल्ली: उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को नई दिल्ली में विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में सड़क, रेल, पर्यटन, न्यायिक और सामाजिक अवसंरचना को सुदृढ़ बनाने के विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर राजस्थान में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से प्रदेश के विकास को गति देने पर चर्चा की।

इसके बाद उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के सर्वांगीण विकास, राज्य में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।

उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत के साथ बैठक कर राजस्थान में पर्यटन की अपार संभावनाओं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण तथा पर्यटन से जुड़े विकास कार्यक्रमों को और अधिक सशक्त बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक में राजस्थान पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

दिल्ली प्रवास के दौरान उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ करने तथा नागरिकों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के विषय पर चर्चा हुई। साथ ही उन्होंने अपने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में दादी का फाटक, खिरनी फाटक और ढेहर के बालाजी फाटक पर पैदल यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा के लिए फुट ओवर ब्रिज (FOB) निर्माण तथा ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन के दूसरी ओर अतिरिक्त प्रवेश द्वार और टिकट खिड़की विकसित करने का आग्रह किया।

वही उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से शिष्टाचार भेंट कर राजस्थान में न्यायिक अवसंरचना के विकास और आमजन को सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के प्रयासों पर चर्चा की।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मुलाकात कर महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण तथा महिलाओं और बच्चों के विकास से जुड़ी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।

Leave a Reply