आज आरएसएस क्लब में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सीए सेल का आर्थिक न्याय सम्मेलन एवं वार्षिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विधायक प्रशांत शर्मा, शिखा मील बराला, जयपुर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा उपस्थित रहे।
सीए प्रकोष्ठ के अध्यक्ष नितिन व्यास ने बताया कि कार्यक्रम में 200 से अधिक सीए व व्यापार संगठन के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
गोविंद सिंह डोटासरा ने बताया कि देश में किसी भी प्रदेश में भाजपा द्वारा सीए पर ध्यान नहीं दिया गया है। मात्र राजस्थान में ही सीए को प्रोत्साहन देते हुए सीए सेल का गठन किया गया है और प्रकोष्ठ से जुड़े हुए समस्त सीए अपनी भागीदारी पूर्ण निष्ठा से निभा रहे हैं। जहां वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और इस व्यस्तता में भी सीए द्वारा कार्यक्रम में भाग लिया जाना बहुत सराहनीय है। वे कांग्रेस के साथ मिलकर भाजपा के कुशासन को समाप्त करने में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। डोटासरा ने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में सीए प्रकोष्ठ से जुड़े हुए किसी 01 सीए की विधायक के रूप में भागीदारी रहेगी।
टीकाराम जूली ने देश की आर्थिक नीतियों की समीक्षा की और कहा कि जीएसटी की दर 18 प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए, लेकिन भाजपा शासन ने 28 प्रतिशत की दरों को रखते हुए जनता पर अनावश्यक रूप से आर्थिक भार बढ़ाया है।
आर्थिक मुद्दों में सीए से अधिक कोई नहीं जानता है और सीए का कांग्रेस से जुड़ने का मतलब है वर्तमान सरकार की आर्थिक नीतियों का गलत होना। इस अवसर पर विधायक शिखा मील और प्रशांत शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।










