राजस्थान की सियासत में एक बार फिर बयानबाज़ी तेज हो गई है। टोंक जिले के निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी की मौजूदा हालत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पीपलू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कांग्रेस को डूबता हुआ जहाज बताया और गांधी परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी कर राजनीतिक माहौल गरमा दिया।

पीपलू कार्यक्रम में कांग्रेस और गांधी परिवार पर तीखा तंज
पीपलू में आयुर्वेदिक अस्पताल के भवन निर्माण के शिलान्यास समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में विधायक रामसहाय वर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कांग्रेस के पास अब सिर्फ तीन लोग बचे हैं। राहुल बाबा, सोनिया माई और प्रियंका दादी। इनके अलावा पार्टी में कुछ भी नहीं है। वर्मा ने कांग्रेस की स्थिति को कमजोर बताते हुए कहा कि जनता अब कांग्रेस की हकीकत समझ चुकी है।
वोटर लिस्ट विवाद पर कांग्रेस को घेरा
मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के दौरान नाम काटे जाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक वर्मा ने कहा कि यह पूरी तरह चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि BLO सरकारी कर्मचारी होते हैं, वे किसी पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब मुद्दे खत्म हो जाते हैं, तब ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाए जाते हैं।
22 राज्यों में बीजेपी की सरकार, कांग्रेस सिमटती हुई
विधायक रामसहाय वर्मा ने भाजपा की मजबूती का जिक्र करते हुए कहा कि आज देश के 22 राज्यों में बीजेपी की सरकार है, जबकि कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा पिछली कांग्रेस सरकार ने कोई ठोस काम नहीं किया। इन्होंने होटल में बैठकर राजनीति की और विधायकों को बंद रखा। आज वही लोग दुहाई दे रहे हैं।
भजनलाल सरकार की तारीफ
वर्मा ने मौजूदा भजनलाल शर्मा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जो काम भजनलाल सरकार ने सिर्फ दो साल में किया है, वैसा काम पहले कभी किसी सरकार ने नहीं किया।











