राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ले ली है। आधी रात से सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश और तेज ओलावृष्टि देखने को मिली है। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर हुई इस बेमौसम बरसात ने जहां सर्दी को दोबारा लौटा दिया है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों और शादी-विवाह के आयोजनों पर संकट खड़ा कर दिया है।
14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 11 में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 23 जनवरी को जयपुर सहित 14 जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 11 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार 24 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ेगा, लेकिन तब तक लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
इन संभागों में सबसे ज्यादा असर
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के चलते बीकानेर, शेखावाटी, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। तेज झोंकेदार हवाओं, बिजली गिरने और भारी ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। जयपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, करौली, चूरू और हनुमानगढ़ समेत करीब 17 जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
शेखावाटी में ओलों की मार, फसलों को भारी नुकसान
बीती रात सीकर के रींगस उपखंड सहित शेखावाटी क्षेत्र के सरगोठ, सिमारला जागीर, महरौली और कोलवा जैसे इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। खेत सफेद चादर से ढक गए। ओलों की वजह से पककर तैयार जौ, गेहूं और सरसों की फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
बसंत पंचमी पर बारिश ने बिगाड़े शादी समारोह
प्रदेशभर में आज बसंत पंचमी के मौके पर हजारों शादियां हो रही हैं, लेकिन अचानक आई बारिश ने आयोजनों में खलल डाल दिया है। कई जगह टेंट और खुले आयोजन प्रभावित हुए हैं।

जयपुर में ठंड बढ़ी, तापमान गिरा
राजधानी जयपुर में सुबह से ही बादलों का डेरा है और रुक-रुक कर बूंदाबांदी जारी है। तेज ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
जयपुर में अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री और न्यूनतम 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
प्रमुख जिलों का न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
अलवर 6.0, करौली 5.8, दौसा 6.4, श्रीगंगानगर 8.2, फतेहपुर (सीकर) 8.1, माउंट आबू 9.0, पिलानी 9.7, चूरू 10.4, जयपुर 12.6, जोधपुर 12.9, बीकानेर 13.4 और बाड़मेर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
- 27-28 जनवरी को फिर सक्रिय होगा नया पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 और 28 जनवरी को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके असर से प्रदेश में फिर से मावठ की संभावना है और फरवरी की शुरुआत में ठंड और तेज हो सकती है।











