छीपाबड़ौद कस्बे के यादव मोहल्ला वार्ड नंबर 24 निवासी एक विधवा महिला पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दुलारी बाई यादव के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कमरे में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
आगजनी की इस घटना में कमरे में रखे कपड़े, आवश्यक दस्तावेज, बर्तन एवं अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग लगते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित विधवा महिला को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घर का सारा जरूरी सामान जल जाने से परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को ढांढस बंधाया। साथ ही प्रशासन से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि दुलारी बाई यादव पहले से ही कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही हैं, ऐसे में यह हादसा उनके लिए बड़ी त्रासदी बन गया है।
विधवा महिला पर टूटा दुखों का पहाड़, शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग









