Home / Politics / कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म

जयपुर, 24 फरवरी। राजस्थान की 16वीं विधानसभा का पंचम सत्र जारी है। आज विधानसभा परिसर में मीडिया से रूबरू होते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि
आज सदन में स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से उठाए गए विषय पर सरकार द्वारा विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु प्रभावी एवं कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि सरकार के इस उत्तर से विपक्ष के कुछ सदस्य असहज दिखाई दिए तथा उन्होंने स्थिति को भटकाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा यह तथ्य ध्यान देने योग्य है कि लगभग सवा दो वर्ष पूर्व राजस्थान की कानून-व्यवस्था की स्थिति अत्यंत चिंताजनक थी। प्रदेश में बढ़ते अपराध, खुलेआम गोलीबारी तथा महिलाओं के प्रति अपराधों के कारण देशभर में राजस्थान की छवि प्रभावित हुई थी।

उन्होंने कहा वर्तमान सरकार के कार्यकाल में पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप विभिन्न प्रकार के अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। विशेष रूप से उन गैंगस्टर्स के विरुद्ध सख्त कदम उठाए गए हैं, जो पूर्ववर्ती शासनकाल में निर्भीक होकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देते थे।

उन्होंने बताया सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की है। विदेशों में रह रहे अपराधियों की गिरफ्तारी एवं प्रत्यर्पण के लिए प्रभावी प्रयास किए गए, जिनमें इटली एवं अमेरिका से अपराधियों को गिरफ्तार कर भारत लाने की कार्रवाई शामिल है। साथ ही, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के माध्यम से लगातार संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गैंगस्टर्स के ठिकानों पर कार्रवाई कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि राजस्थान में शांति, सुरक्षा एवं कानून का राज स्थापित रहे तथा किसी भी प्रकार के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply