भाजपा आईटी और सोशल मीडिया प्रभारी ने बजट को बताया ऐतिहासिक, कहा आईटी और डिजिटल नवाचारों से राजस्थान बनेगा तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर
……………………
जयपुर, 12 फरवरी 2026। भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी और भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक हिरेंद्र कौशिक ने भजनलाल सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत बजट को ऐतिहासिक बजट बताया। भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी ने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट में आईटी सेक्टर और डिजिटल गवर्नेंस को केंद्र में रखते हुए किए गए प्रावधान प्रदेश को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक पहल हैं। भाजपा की डबल इंजन सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विज़न को प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में तकनीक को जनसुविधा, पारदर्शिता और रोजगार से जोड़ने का ठोस प्रयास इस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक अविनाश जोशी ने कहा कि राज्य में नई सरकारी ड्रोन नीति लागू किए जाने का निर्णय प्रशासनिक कार्यों, सर्वेक्षण, आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देगा। यह कदम राजस्थान को उभरती हुई ड्रोन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में अग्रणी बनाएगा। 25,000 महिलाओं और युवाओं को ‘मिनी ई-मित्र’ के रूप में अधिकृत करने का निर्णय डिजिटल सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर स्वरोजगार के अवसर सृजित करेगा। इससे डिजिटल सशक्तिकरण और महिला सशक्तिकरण दोनों को गति मिलेगी।
भाजपा प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक हिरेंद्र कौशिक ने कहा कि नई आईटी पॉलिसी के माध्यम से राज्य में निवेश आकर्षित होगा तथा स्टार्टअप, नवाचार और टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी। सीएम प्रमाण सेंटर की स्थापना से प्रमाणन प्रक्रियाएं अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेंगी। नीति आयोग की तर्ज पर ‘रीति’ (Rajasthan Institution for Transformation and Innovation) को सुदृढ़ करने हेतु 10 करोड़ रुपए का प्रावधान राज्य में नवाचार, नीति अनुसंधान और प्रभावी क्रियान्वयन को नई दिशा देगा। राजस्थान जन विश्वास अधिनियम 2.0 के माध्यम से प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी। ‘मरुधरा राज भूमि डिजिटल एड्रेस सिस्टम’ के जरिए सरकारी जमीनों के डिजिटल रिकॉर्ड और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता आएगी और विवादों में कमी होगी।
यह बजट स्पष्ट करता है कि भाजपा सरकार तकनीक को विकास का आधार मानते हुए राजस्थान को डिजिटल रूप से सशक्त, पारदर्शी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसरों का द्वार खोलेगी और राजस्थान को डिजिटल प्रगति के नए शिखर तक पहुंचाएगी।
प्रभारी, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग









