कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित रेलयात्री वेटिंग हॉल के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, कहा- मोदी सरकार रेलवे विस्तार की दिशा में कर रही है बेहतरीन काम
कुचामन सिटी (नागौर), 18 फरवरी 2026
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी बुधवार को कुचामन सिटी रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित “रामेश्वरीदेवी कल्याणचन्द मंत्री रेल यात्री विश्रामालय” के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। यह विश्रामालय कुचामन विकास समिति द्वारा रेल यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्ण समर्पण एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के साथ निर्मित कराया गया है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत गोविन्ददेव गिरी महाराज (कोषाध्यक्ष, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट) के सान्निध्य में विश्रामालय का उद्घाटन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह विश्रामालय यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ठहराव की सुविधा प्रदान करेगा तथा कुचामन सिटी के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कुचामन विकास समिति के पदाधिकारियों एवं दानदाताओं को इस जनहितकारी पहल के लिए शुभकामनाएं दी। भागीरथ चौधरी ने कहा कि समिति पिछले 47 वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है और यह भवन उसी सेवा-भाव का सशक्त उदाहरण है। जनसेवा ही हमारा संकल्प है—किसानों, यात्रियों और आमजन की सुविधा के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।

रेलवे स्टेशनों का हो रहा है कायाकल्प : केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले लगभग साढ़े 11 वर्षों में रेलवे के विस्तार और आधुनिकीकरण को नई गति मिली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देश के सैकड़ों रेलवे स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय स्थापत्य कला का समावेश करते हुए आधुनिक सुविधाएं एवं उन्नत तकनीक उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में विश्व की अग्रणी पंक्ति में स्थापित किया जाए। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









