राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ‘प्रचंड’ हेलिकॉप्टर में भरी उड़ान, भारत-पाक सीमा के पास लिया को-पायलट के रूप में सॉर्टी राजस्थान के जैसलमेर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक शुक्रवार (27 फरवरी 2026) को देश की राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर ‘प्रचंड’ में को-पायलट के रूप में सॉर्टी लेकर इतिहास रच दिया।
लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर (LCH) ‘प्रचंड’ ने जैसलमेर स्थित भारतीय वायु सेना स्टेशन से उड़ान भरी। सॉर्टी से पहले हेलिकॉप्टर के कप्तान ने राष्ट्रपति को मिशन और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। ऑलिव ग्रीन वर्दी और हेलमेट में सुसज्जित राष्ट्रपति ने कॉकपिट से हाथ हिलाकर अभिवादन किया और इसके बाद उड़ान भरी।
गौरतलब है कि ‘प्रचंड’ भारत का पहला स्वदेशी रूप से डिजाइन और विकसित किया गया कॉम्बैट हेलिकॉप्टर है, जिसका निर्माण Hindustan Aeronautics Limited (HAL) ने किया है। यह हेलिकॉप्टर ऊंचाई वाले इलाकों और सीमावर्ती क्षेत्रों में दुश्मन के ठिकानों पर सटीक प्रहार करने में सक्षम है।
राष्ट्रपति की यह उड़ान भारतीय वायु सेना के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ देश की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं पर बढ़ते विश्वास का भी प्रतीक मानी जा रही है। जैसलमेर में इस विशेष अवसर को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।








