बजट चर्चा के दौरान विधायक ने पोकरण की लाल पोर्टरी के उठाया मुद्दा, स्थानीय कुम्हार जाति के लोगों को स्थाई रोजगार देने की कही बात।
पोकरण. राजस्थान विधानसभा में वर्ष 2026-27 की बजट मांगों पर चर्चा के दौरान पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज ने पोकरण शहर की प्रसिद्ध लाल मिट्टी टेराकोटा कला और कुम्हार समाज के हितों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज ने सदन में कहा कि पोकरण की लाल मिट्टी से बनने वाले टेराकोटा उत्पादों ने राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक अलग पहचान बनाई है। यहां के कारीगर पारंपरिक तकनीक से कलात्मक घड़े, सुराही, सजावटी वस्तुएं, मूर्तियां और हस्तशिल्प उत्पाद तैयार करते हैं, जिनकी बाजार में निरंतर मांग बनी रहती है। विधायक ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार द्वारा लाल मिट्टी वाले क्षेत्र को औद्योगिक विकास के लिए रीको को आवंटित कर दिया गया था। उन्होंने इस निर्णय को स्थानीय कला और कारीगरों के हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे निरस्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की लाल मिट्टी उपलब्ध है, उसे संरक्षित किया जाना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इस पारंपरिक कला को आगे बढ़ा सकें।
महंत प्रतापपुरी महाराज ने सुझाव दिया कि रीको के लिए अन्य उपयुक्त भूमि चिन्हित की जाए, जिससे औद्योगिक विकास भी प्रभावित न हो और पारंपरिक शिल्प उद्योग भी सुरक्षित रह सके। उन्होंने कहा कि लाल मिट्टी क्षेत्र का संरक्षण केवल कारीगरों के लिए ही नहीं, बल्कि पोकरण की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी आवश्यक है।
लाल मिटी से बने उत्पादों ने पोकरण को दिलाई नई पहचान, स्थाई रोजगार की मांग
सदन में बोलते हुए विधायक ने कुम्हार समाज के कारीगरों को विशेष प्रशिक्षण देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आधुनिक डिज़ाइन, पैकेजिंग, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स से जोड़कर इन उत्पादों को देश-विदेश के बड़े बाजारों तक पहुंचाया जा सकता है। इसके लिए सरकार को विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने चाहिए और युवाओं को कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जाना चाहिए। लाल मिटी के उत्पादों ने परमाणु नगरी पोकरण को नई पहचान दिलाई है। उन्होंने यह भी मांग की कि टेराकोटा उद्योग से जुड़े परिवारों को स्थायी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा उनके लिए सहकारी समितियों का गठन किया जाए। साथ ही, उत्पादों की ब्रांडिंग और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रोत्साहन पैकेज दिया जाए।
अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका
विधायक ने कहा कि यदि लाल मिट्टी क्षेत्र का संरक्षण और कारीगरों का सशक्तिकरण सुनिश्चित किया जाता है, तो पोकरण टेराकोटा उद्योग राज्य की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।







