बूंदी। नगरीय निकाय व पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी (जिला कलक्टर) अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि आचार संहिता लागू होते ही विभिन्न प्रकोष्ठ शुरू हो जाएंगे। साथ ही प्रकोष्ठों को सौंपे गए दायित्वों का संपादन किया जाएगा। इस दौरान आने वाली विभिन्न शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जावें। मतदान दल गठन की तैयारी की जावें। साथ ही मतदान दलों को राज्य निर्वाचन आयोग के नियमानुसार मास्टर ट्रेनरों के द्वारा प्रशिक्षण दिलवाया जावें।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ब्लॉक पर आवश्यकता अनुसार मास्टर ट्रेनरों की नियुक्ति की जावें। मतदान दलों के परिवहन के लिए पर्याप्त संख्या में बसों व अन्य वाहनों का अधिग्रहण किया जावें। टेण्डर संबंधी सभी कार्यवाही समय पर पूर्ण कर ली जावे। मतदान दलों की रवानगी स्थल पर मूलभूत सुविधाएं रखी जावें।
उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना दिवस के लिए सुरक्षा एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जावें। मतदान केन्द्रों पर रेम्प, छाया, पेयजल आदि के समुचित प्रबंध किए जावें। बैलेट पेपर त्रुटि रहित हों, इसका विशेष ध्यान रखा जावें। शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से चुनाव सम्पन्न कराएं जाएं। मतदान प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी बेहतर समन्वय से कार्य करते हुए जिले में निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कराएं।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामकिशोर मीणा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, सहायक कलक्टर बनवारी लाल बैरवां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।









