पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
2,08,62,380 पुरुष, 1,93,58,147 महिला,207 ट्रांसजेंडर मतदाता।
जयपुर। 25 फरवरी। पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव के लिए मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश में 2,08,62,380 पुरुष, 1,93,58,147 महिला और 207 ट्रांसजेंडर कुल सहित कुल मतदाता 4,02,20,734 हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने बताया कि प्रारूप प्रकाशन के पश्चात अंतिम प्रकाशन तक 5,73,568 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है, जो कुल मतदाताओं का लगभग 1.45 प्रतिशत है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जानकारी दी कि मतदाताओं की प्रतिशत वृद्धि के आधार पर बांसवाड़ा जिले में सर्वाधिक 4.55 प्रतिशत तथा फलोदी जिले में 4.46 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं टोंक जिले में न्यूनतम 0.04 प्रतिशत एवं श्रीगंगानगर जिले में 0.19 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 29 जनवरी 2026 को किया गया था तथा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के नियमानुसार निराकरण के पश्चात आज अंतिम प्रकाशन किया गया है। सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन व्यक्तियों ने 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण नहीं की थी, उन्हें मतदाता सूची में शामिल नहीं किया गया है।
राजस्थान पंचायती राज अधिनियम की धारा 18(1) के अनुसार निम्नलिखित तीन प्रकार की मतदाता सूचियाँ तैयार की गई हैं—
– ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड की मतदाता सूची।
– पंचायत समिति के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची।
– जिला परिषद के प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूचियाँ संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, ग्राम पंचायत, पंचायत समिति एवं जिला परिषद कार्यालयों में निरीक्षण के लिए उपलब्ध करा दी गई हैं।








