Home / Rajasthan / राजस्थान को अवसरों की भूमि बना रही डबल इंजन सरकार: PM मोदी

राजस्थान को अवसरों की भूमि बना रही डबल इंजन सरकार: PM मोदी

विकसित भारत 2047 के विजन का ग्रोथ इंजन बनेगा राजस्थान: CM भजनलाल शर्मा

 प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत बन रहा वैश्विक ताकत: CM भजनलाल  शर्मा

अजमेर/जयपुर, 28 फरवरी। पीएम मोदी ने अजमेर से प्रदेशवासियों को विभिन्न कार्यों एवं परियोजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।  इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों की तरफ से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का राजस्थान की धरा पर स्वागत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में अब तक 29 से अधिक अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत होकर विश्व मंच पर 140 करोड़ देशवासियों का मान बढ़ाया है। हाल ही में सम्पन्न हुई एआई समिट में पूरे विश्व ने देखा कि भारत भविष्य के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से भारत अब वैश्विक ताकत बनकर उभर रहा है।
प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है। वे जब भी राजस्थान आए हैं हमेशा प्रदेश को विकास की अनेक सौगातें देते हैं। उनके मार्गदर्शन में हमारी डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री के ‘राजस्थान राइजिंग, रिलाएबल, रिसेप्टिव और रिफाइन’ की अवधारणा को अपना ध्येय मान कर आगे बढ़ रहे हैं।
युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में उठाए ठोस कदम
 शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। गत सरकार के समय हुए पेपरलीक के माफिया अब गिरफ्त में हैं। राज्य सरकार ने युवाओं को 4 लाख भर्तियों के संकल्प की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी गई हैं। 1 लाख 33 हजार से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन हैं। वर्ष 2026 में 1 लाख से अधिक नए पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी किया गया है। इन सभी निर्णयों से युवाओं में हमारी सरकार के प्रति विश्वास बहाली हुई है।
कृषि बजट जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत, 16 लाख से अधिक लखपति दीदी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत प्रदत्त 6 हजार की राशि में तीन हजार रुपये जोड़कर 9 हजार रुपये किया गया है। वर्ष 2026-27 के राज्य के कृषि बजट में 1 लाख 19 हजार 408 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जोकि राज्य की जीएसडीपी का 5.55 प्रतिशत है। साथ ही, 22 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण की दिशा में 16 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में लाया गया है। मां वाउचर के माध्यम से सवा दो लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी की गई है।
वीबी-जी राम जी के लिए 4 हजार करोड़ का प्रावधान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख से अधिक आवास तथा एनएफएसए में 72 लाख से अधिक नाम जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि वीबी-जी राम जी का राज्य में सभी सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वागत किया है। राज्य सरकार द्वारा भी बजट 2026-27 में इसके लिए 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हमारी सरकार ने भी विकसित राजस्थान 2047 का विजन दस्तावेज जारी किया है। हमारी सरकार ने इस वर्ष के बजट में वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री के सहयोग और दृढ़ इच्छाशक्ति से हुए लंबित जल विवादों के समाधान
मुख्यमंत्री ने वर्षों से लंबित जल विवादों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना का पानी लाने की परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र की जल समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। वहीं, रामजल सेतु लिंक परियोजनाओं से 17 जिलों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन में भी हमारी सरकार ने गत दो साल में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन दिए हैं। साथ ही, कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत 4 लाख से अधिक भू जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने केंद्र सरकार प्रवर्तित योजनाओं में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। देश की 11 योजनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर, 5 में दूसरे और 7 योजनाओं में तीसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कुसुम कॉम्पोनेन्ट ए और सी में प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर हैं। पीएम सूर्यघर योजना में भी हमारी सरकार ने 1 लाख 31 हजार रुफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधों में औसतन 14 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं, महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में भी 10 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि गत 2 वर्षों में अब तक दर्जनभर से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। साथ ही, राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग की जा चुकी है।
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित राज्य सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply