बजट की घोषणाओं में विकसित राजस्थान का विजन, मुफ्त की राजनीति से परे ठोस प्रावधान: जोगाराम पटेल |
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने बजट 2026–27 को लोकलुभावन वादों से परे समग्र एवं सतत विकास का दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन को आगे बढ़ाने वाला है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूल मंत्र को चरितार्थ करते हुए यह बजट महिला, युवा, मजदूर, वंचित और किसान सहित सभी वर्गों के कल्याण को समर्पित है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल रकम का हिसाब नहीं, बल्कि शासन की सोच का आइना है। इसमें विकसित राजस्थान का स्पष्ट विजन प्रस्तुत किया गया है। अवसंरचना विस्तार, नागरिक सुविधाओं में वृद्धि, औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन, मानव संसाधन सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा सुदृढ़ीकरण, पर्यटन, कला-संस्कृति, कृषि, पशुपालन, डेयरी एवं हरित विकास जैसे क्षेत्रों में ठोस प्रावधान किए गए हैं। वर्ष 2047 तक राजस्थान को 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में यह बजट महत्वपूर्ण आधार स्तंभ सिद्ध होगा।
संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि यह बजट तात्कालिक राहत के साथ दीर्घकालीन विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का युवा सरकार पर विश्वास जता रहा है और उसे भरोसा है कि अब प्रतिभा को ही अवसर मिलेगा। पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का विश्वास डगमगा गया था।
उन्होंने बताया कि बजट में राजधानी जयपुर सहित जयपुर संभाग को विशेष प्राथमिकता दी गई है। जयपुर में 1 हजार करोड़ रुपये से अवसंरचना विकास, 500 करोड़ रुपये से ड्रेनेज सिस्टम सुदृढ़ीकरण, 1800 करोड़ रुपये से नई सड़कों का निर्माण, हाइवे पर 2 हजार कैमरों की स्थापना, एसएमएस अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र, जेके लोन अस्पताल में 500 बेड का आईपीडी टॉवर, राज सुरक्षा एवं राज ममता योजना, तथा 4 हजार हेक्टेयर में अरावली संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं।
प्रभारी, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग









