उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने आज कूकस स्थित आर्य कॉलेज में माननीय राज्यपाल हरीभाऊ बागडे की उपस्थिति में प्रज्ञा प्रवाह एवं युवा साथी संगठन द्वारा आयोजित ‘शिवोऽहम: जागृति काल’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 24 घंटे चलने वाली अखंड शिव आराधना, भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चार और विचार गोष्ठियों के माध्यम से युवाओं में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्रभाव के प्रति जागरूकता का प्रेरणादायी वातावरण निर्मित होगा।
उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, संयम, शक्ति और जागृति का संदेश भी है। “‘शिवोऽहम’ का भाव हमें अपने भीतर की दिव्यता को पहचानने और समाज व राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देता है।”
उपमुख्यमंत्री ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएँ देते हुए कार्यक्रम आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 24 घंटे तक आध्यात्मिक और धार्मिक समन्वय से युवाओं में नवचेतना का संचार होगा और यह आयोजन आत्मजागृति का सशक्त मंच बनेगा। विद्यार्थियों से संवाद के माध्यम से उन्हें जीवन मूल्यों को समझने और आत्मविकास की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि जीवन में आने वाली चुनौतियों और संकटों से घबराने के बजाय उनका साहसपूर्वक सामना करें। साथ ही नई पीढ़ी को अपने संस्कारों को सीखने, सहेजने और आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय सहसंयोजक श्री विनायक दीक्षित, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्री बाबूलाल जी, प्रज्ञा प्रवाह के क्षेत्रीय संयोजक श्री कमलेश विद्यार्थी, आर्य कॉलेज के चेयरमैन श्री अनुराग अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक श्री मनु कम्बोज सहित विद्यार्थीगण एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।








